कार से कुचलकर घायल हुआ रसेल वाइपर सांप बुजुर्ग ने अजगर समझकर उठाया, देश का तीसरा सबसे जहरीला सांप

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। कार से कुचलकर घायल हुए सांप को बुजुर्ग ने अजगर समझकर हाथों से उठाया और बाल्टी में रख लिया। जबकि सांप रसेल वाइपर प्रजाति का था। बुजुर्ग को जब यह पता लगा तो वो खुद सहम गए। हालांकि अब सांप को पशु प्रेमी अपने पास ले आए हैं और उसका ट्रीटमेंट चल रहा है।
दरअसल, पूरा मामला मेरठ हाइवे पर मुजरिया कस्बा का है। यहां हाईवे पार करते वक्त रसेल वाइपर प्रजाति का एक सांप कार से कुचल गया। वहां रहने वाले बुजुर्ग रूपकिशोर ने सांप को तड़पते हुए देखा तो उसे उठाकर बाल्टी में रख लिया। जबकि इसके बाद पशु प्रेमी विकेंद्र को इसकी सूचना दी।विकेंद्र समेत टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि जिस सांप को बुजुर्ग ने हाथ से पकड़ा था, वह देश का तीसरा सबसे जहरीला सांप है। बुजुर्ग से पूछा गया कि सांप कैसे पकड़ा तो उन्होंने बताया कि अजगर सांप लगा था जो काटता नहीं है और जहरीला भी नहीं होता, इसलिए उठा लिया। पशु प्रेमी ने बताया कि यह अजगर जैसा दिखने वाला सांप रसेल वाइपर है और बेहद जहरीला है तो बुजुर्ग अपनी चूक पर सहम गए। हालांकि टीम उसे अब बदायूं ले गई है और इलाज किया जा रहा है। ठीक होने पर सांप को प्राकृतिक परिवेश में रिलीज कर दिया जाएगा।अंग कर देता है डैमेज
रसेल वाइपर के बारे में जानकारों की मानें तो उसके काटने के बाद सही समय पर इलाज न मिलने पर व्यक्ति की जान जा सकती है। इलाज मिल भी जाए लेकिन जिस अंग पर वह काटता है उसे कटवाना पड़ता है। उस अंग को अपने जहर से वह पूरी तरह डैमेज कर देता है। दिखने में अजगर जैसा यह सांप तीन से चार फीट उछलकर काटने में भी महारथ हासिल किए हुए है।
