धूमधाम से निकली प्रभु श्रीराम की बारात झांकियां व बैंड की धुन पर थिरके लोग, देखने वालों की जुटी भीड़

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।श्रीरामलीला महोत्सव कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को श्रीराम बारात निकाली गई। इसमें स्थानीय समेत गैर प्रांतों के कलाकार शामिल हुए और अपना हुनर दिखाया। बारात देखने के लिए हजारों की भीड़ उमड़ी। जबकि देर रात तक यह सिलसिला जारी रहेगा।शहर के बिरुआवाड़ी मंदिर से शुरू हुई श्रीराम बारात में सबसे आगे ऊंट चल रहे थे। जबकि इसके पीछे काली माता के अखाड़े में कलाकार करतब दिखा रहे थे। वहीं बैंड की धुन बजाते हुए स्कूली बच्चे भी चल रहे थे।वहीं बारात में विध्न हरण भगवान श्रीगणेश, आदिदेव भगवान शंकर-पार्वती, श्री हनुमान, राधा-कृष्ण समेत देशभक्ति की 89 झांकियां शामिल हैं। जबकि सबसे पीछे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम व सीता माता समेत लक्ष्मण और हनुमान जी की मुख्य

झांकी निकलेगी। इसके अलावा बारात में छत्तीसगढ़ के भिलाई समेत मुंबई व दिल्ली और देहरादून के बैंड शामिल हैं। गैर प्रांतों के कलाकार यहां लोकनृत्य पेश कर रहे हैं। मथुरा के एस्कॊन मंदिर की झांकी भी यहां पहुंची है। इसके अलावा देश के विभिन्न हिस्सों से कलाकार व झांकियां बुलाई गई हैं।
ऐसे गुजर रही शोभायात्रा
बारात बिरुआवाड़ी मंदिर से शुरू होकर पथिक चौक, मढ़ई चौक, हलवाई चौक, नेहरू चौक, लावेला चौक होती हुई देर रात गांधी ग्राउंड पहुंचेगी। यहां रात को श्रीराम व सीता माता के विवाह का लीला मंचन होगा।

बारात का प्रशासनिक अधिकारियों समेत राजनैतिक दलों और समाजसेवियों ने जगह-जगह स्वागत किया। वहीं फूलों की बारिश कर आरती उतारी गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आठ थानों की पुलिस के अलावा पीएसी व फायर ब्रिगेड की टीमें लगाई गई हैं। कोई हादसा न हो, इसके लिए आधे शहर की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई है।
