ट्राली से कुचलकर युवक की मौत मिट्टी भरते वक्त ड्राइवर ने अचानक चला दिया ट्रैक्टर चालक फरार

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलकर युवक की मौत हो गई। युवक ट्राली में मिट्टी भर रहा था, इसी दौरान अचानक ड्राइवर ने ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया और युवक पहिये से कुचल गया। परिवार वालों ने फिलहाल ड्राइवर के खिलाफ पुलिस को तहरीर नहीं दी है। जबकि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
हादसा उसावां थाना क्षेत्र के साड़ी गांव में हुआ। इसी गांव में रहने वाला अर्जुन (24) पुत्र नेत्रपाल पेशे से मजदूर था। वह ट्रैक्टर ट्राली से मिट्टी का भराव डालने का काम करता था। ट्रैक्टर ड्राइवर अशफाक के साथ वह ट्राली में मिट्टी डालने जा रहा था।इसके लिए वह ट्राली में मिट्टी भर रहा था। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने बताया कि ड्राइवर ने अचानक ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया और अर्जुन पहिये के नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। इधर, ड्राइवर ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर भाग निकला। पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि फिलहाल ड्राइवर के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। वो लोग सीधे पोस्टमार्टम को चले आए हैं।
