युवक का मुख्य हत्यारोपी गिरफ्तार खेत में घुसने के विरोध में की थी हत्या

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। युवक की पीटकर हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का पुलिस ने चालान करके उसे कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। इधर, बाकी के तीन आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। तीनों मुख्य आरोपी के बेटे हैं।
दातागंज कोतवाली पुलिस ने गांव बिहारी छेमराम के धर्मपाल कश्यप को पकड़ा है। गिरफ्तारी बेलाडांडी से सलेमपुर गांव जाने वाले रोड से दिखाई है। दरअसल, धर्मपाल ने चापरकौरा गांव के तेजेंद्र नाम के युवक की अपने तीन बेटों महावीर, रूपराम व रामशंकर की मदद से पीटकर हत्या कर दी थी।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
आरोपियों के खिलाफ घटना वाले दिन यानी शनिवार को ही पुलिस ने जानलेवा हमले का केस दर्ज किया था। जबकि देर रात बरेली के निजी अस्पताल में तेजेंद्र ने दम तोड़ा तो रविवार को उसका बरेली में ही पोस्टमार्टम कराया गया। शव का अंतिम संस्कार पुलिस की निगरानी में हुआ। जबकि इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जानलेवा हमले का केस हत्या की धाराओं में तरमीम किया गया। मुकदमा लिखे जाने के बाद से धर्मपाल समेत उसके तीनों बेटे फरार चल रहे थे। हालांकि पुलिस ने धर्मपाल को धर दबोचा है। एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि तीनों बेटों की तलाश की जा रही है।
