थाने के पास बुजुर्ग की जेब से 49 हजार उड़ाए बदायूं में किराना व्यापारी के साथ हुई घटना, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। थाने से चंद कदम की दूरी पर बुजुर्ग की जेब में रखे 49 हजार रुपए बाइक सवार युवक ने उड़ा दिए। कुछ देर बाद बुजुर्ग को इसका एहसास हुआ तो मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। इधर, पुलिस जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही है। घटना बिल्सी थाने से पहले वाले मोड़ की है। बिल्सी इलाके के ही खैरी रोड निवासी जाबिर अली किराना की दुकान चलाते हैं।
बुधवार दोपहर वह दुकान का सामान खरीदने बिल्सी की बाजार आए थे। जाबिर ने जेब में 49 हजार रुपए रखे थे। वह थाना मोड़ के पास खड़े थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक आया और उनसे सटाकर बाइक खड़ी कर दी। इधर, कुछ देर बाद जाबिर आगे चले गए।
इसी दौरान उन्होंने अपनी जेब पर हाथ रखा तो जेब खाली थी। लौटकर पीछे गए तो वहां कोई नहीं था। आनन-फानन में उन्होंने चंद कदम दूर थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी तो पुलिस ने तहरीर लेकर आने को कहा। जबकि बाद में जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर वहां से टरका दिया।
बिल्सी इलाके में इन दिनों अपराधी एक्टिव मोड पर आ चुके हैं। जहां एक ओर चंद दिन पहले राह चलते युवक से लूट हुई थी। वहीं बुधवार को यह घटना हो गई। जबकि चोरी की वारदातें भी हो रही हैं। यह दीगर बात है कि रिकार्ड में क्राइम मिनिमाइज है।
