साइबर ठगी के शिकार हुए युवक के 80 हजार पुलिस ने कराए वापस शेयर मार्केट में मुनाफे के नाम पर 2.65 लाख की हुई थी ठगी

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।शेयर मार्केट में रकम डबल करने का लालच देकर की गई साइबर ठगी की घटना में साइबर थाना पुलिस ने 80 हजार रुपए की रिकवरी की है। ठगों ने 2 लाख 65 हजार रुपए ठगे थे। जबकि इसके बाद रकम का ट्रांजैक्शन शुरू हो गया। हालांकि साइबर थाना पुलिस ने किसी तरह रही बची रकम होल्ड करवाते हुए 80 हजार रुपए भुक्तभोगी को वापस लौटाए हैं।पूरा मामला, सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला फरशोरी टोला निवासी मोहम्मद बिलाल के मोबाइल पर एक लिंक आया था। चूंकि बिलाल शेयर मार्केट का काम करते हैं। ऐसे में उन्हें प्रलोभन दिया गया कि संबंधित लिंक पर रकम लगाने पर उन्हें जल्द दोगुना फायदा होगा। नतीजतन लिंक पर दी गईं कंडीशंस को फालो करते हुए बिलाल ने 2 लाख 65 हजार रुपए गंवा दिए। साइबर ठगों ने यह रकम उनके खाते से ट्रांसफर कर ली। घटनाक्रम 25 अप्रैल की शाम को हुआ था।मामले की जानकारी पर साइबर थाना पुलिस एक्टिव हुई और संबंधित खाते को फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी। फ्रीज कराने से पहले ही ठगों ने काफी रकम इधर-उधर ट्रांसफर कर दी। इधर, बिलाल ने इस मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल पर हेल्पलाइन नंबबर 1930 के माध्यम से दर्ज करा दी। इसी के साथ साइबर सेल एक्टिव हो गई और उस खाते को फ्रीज करवा दिया, जिसमें रकम गई थी।एसएचओ साइबर थाना विनोद कुमार वर्धन ने बताया कि इस मामले में काफी त्वरित कार्रवाई की गई। हालांकि 80 हजार रुपए ही खाते में बचे थे, जिन्हें फ्रीज करा दिया गया। बाद में कोर्ट में अर्जी दी गई। जबकि कोर्ट के आदेश पर यह रकम वापस भुक्तभोगी के खाते में ट्रांसफर कराई गई है।साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि बाकी रकम जिन खातों में ट्रांसफर की गई है, उनकी जांच चल रही है। ठगी के मुख्य आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी है।
