घर में घुसकर छात्रा से दुष्कर्म, अश्लील फोटो खींचे, तीन साल से ब्लैकमेल कर रहा युवक
एसएसपी के आदेश पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं,सदर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने छात्रा से दुष्कर्म किया। उसके अश्लील फोटो खींच लिए, फिर उसे तीन साल तक ब्लैकमेल करता रहा। इस मामले में पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शहर के एक मोहल्ला निवासी छात्रा तीन साल पहले घर पर अकेली थी। तभी आरोपी युवक उसके घर पहुंचा। उसने छात्रा को चाकू दिखाकर धमकाया और उससे दुष्कर्म किया। साथ ही अश्लील फोटो खींच लिए। अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। छात्रा के साथ उसके परिजनों को फोटो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता ने डर के चलते किसी से कुछ नहीं कहा था। इसके बावजूद वह हरकतों से बाज नहीं आया। इसी साल पीड़ित छात्रा के परिजनों ने युवक के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई, लेकिन इसके बाद भी वह बाज नहीं आया। परिजनों ने युवक के डर के चलते छात्रा का रिश्ता तय कर दिया, लेकिन आरोपी ने उसका रिश्ता भी तुड़वा दिया।छह दिन पहले युवक छात्रा के घर पहुंच गया और उसे जबरन अपने साथ ले जाने लगा। मना करने पर फोटो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शुक्रवार को पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी युवक हिमांशु सागर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
