प्रथमा बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम एसपी देहात ने किया मौका मुआयना, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।वजीरगंज इलाके में प्रथमा बैंक में चोरी की कोशिश की वारदात के बाद गुरुवार को एसपी देहात केके सरोज भी घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे। यहां एसपी देहात ने बैंक की सुरक्षा से जुड़े संयंत्रों आदि का निरीक्षण किया। साथ ही थाना पुलिस को निर्देश दिया कि जल्द ही इस घटना को अंजाम देने वालों को पकड़ा जाए।

दरअसल, वजीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा बगरैन में स्थित प्रथमा सर्वयूपी ग्रामीण बैंक पर तीन फरवरी की रात बदमाशों ने धावा बोल दिया था। मेनगेट का ताला तोड़कर बदमाश भीतर दाखिल हुए और स्ट्रांगरूम तोड़ने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। चार फरवरी को पुलिस समेत फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना

किया। इधर, इस घटना के बाद बैंकों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी खड़े हो गए। नतीजतन गुरुवार को एसपी देहात भी घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा गार्ड की तैनाती और उनके पास मौजूद हथियारों की जांच की। साथ ही एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। बैंक मैनेजर के साथ विस्तृत चर्चा कर सुरक्षा को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
