साइबर क्राइम के शिकार हुए बीजेपी नेता फर्जी लोन ऐप डाउनलोड करने पर हैक हुआ मोबाइल, खाते में अचानक आए 5200 रुपये

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक (डीसीबी) के चेयरमैन और बीजेपी नेता जेके सक्सेना का मोबाइल फोन हैक कर लिया गया है। यह घटना एक फर्जी लोन ऐप के जरिए हुई।जेके सक्सेना शुक्रवार रात अपने मोबाइल पर यूट्यूब पर समाचार देख रहे थे। इसी दौरान उनके फोन पर एक क्रेडिट हिसाब ऐप का विज्ञापन आया। विज्ञापन में तीन लाख रुपए का लोन ऑफर दिखाया गया था।ब्याज दर जानने के लिए सक्सेना ने ऐप डाउनलोड कर लिया। उन्होंने अपने पैन कार्ड, आधार कार्ड और ईमेल आईडी की जानकारी भी ऐप पर सबमिट कर दी। लेकिन इसके बाद ऐप में कोई ब्याज दर नहीं दिखाई दी।
अगले दिन शनिवार को जब उन्होंने अपना फोन चेक किया तो उनके एसबीआई के बचत खाते में अचानक 5200 रुपये जमा हो गए थे। इसके बाद उन्होंने संबंधित ऐप के रिव्यू पढ़े और यूट्यूब पर एक्सपर्ट की वीडियो देखी।वीडियो में बताया गया था कि क्रेडिट हिसाब एक फर्जी ऐप है जो लोगों के फोन को एक्सेस कर लेता है। यह ऐप गैलरी से फोटो-वीडियो एडिट करके भेजता है और पैसों की डिमांड करता है। अगर डिमांड पूरी नहीं होती तो फोटो-वीडियो वायरल कर दिए जाते हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही सक्सेना ने शनिवार शाम को एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह को तहरीर दी। एसएसपी के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर संबंधित ऐप की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि जेके सक्सेना सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की प्रगति बिहार कालोनी में रहते हैं। वे भाजपा ब्रजक्षेत्र के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं और वर्तमान में डीसीबी के चेयरमैन हैं।
