श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर बदायूं में सुरक्षा व्यवस्था एसएसपी ने प्रमुख शिव मंदिरों का किया दौरा, कांवड़ियों के लिए विशेष इंतजाम

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।श्रावण मास के तीसरे सोमवार के अवसर पर बदायूं के एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने जनपद के प्रमुख शिव मंदिरों का दौरा किया। उन्होंने गौरीशंकर मंदिर और बिरुआवाड़ी मंदिर सहित अन्य प्रसिद्ध शिव मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

एसएसपी ने मंदिरों के पुजारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के जलाभिषेक के लिए जाने वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि लापरवाही किसी स्तर पर न होने पाए।एसएसपी ने विशेष रूप से महिला कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की संख्या बढ़ी है, इसलिए उन्हें जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ शालीन और सहायक व्यवहार अपनाने को कहा गया। सभी ड्यूटी कर्मियों को पूर्ण सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ काम करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसपी सिटी नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, एसपी देहात कृष्ण कांत सरोज, सीओ सिटी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय, एसएचओ सिविल लाइन मनोज कुमार सिंह और एसएचओ कोतवाली प्रवीण कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

