झंडी पूजन के साथ मिनी कुंभ मेला का शुभारंभ, मां गंगा के तट पर गूंजे वेदमंत्र

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।रूहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा का शुभारंभ आज धार्मिक अनुष्ठान और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। ककोड़ा देवी मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद पहुंची झंडी के साथ मेले की शुरुआत हुई। पूरे क्षेत्र में हर हर गंगे के जयकारे गूंज उठे और गंगा तट पर श्रद्धा का सागर उमड़ पड़ा। ककोड़ा देवी मंदिर में विद्वान आचार्यों ने वेदमंत्रोच्चारण के साथ झंडी पूजन और हवन यज्ञ का आयोजन किया। मां ककोड़ा देवी की भव्य आरती के पश्चात जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह यादव और जितेंद्र यादव ने विधि-विधान से झंडी का पूजन किया और गंगा तट तक इसे लेकर पहुंचे। गंगा तट पर भी डीएम अवनीश राय, एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह यादव मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर मां गंगा को दुग्ध अर्पित किया गया और समृद्धि, शांति व लोककल्याण की कामना की गई। हवन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीएम अवनीश राय ने कहा कि मेले की हर व्यवस्था समयबद्ध रूप से पूरी की जाए, स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए ताकि यह मेला ऐतिहासिक बन सके। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वर्षा सिंह यादव ने कहा कि यह मेला हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। इसे पॉलिथीन मुक्त और स्वच्छ वातावरण वाला बनाना सभी की जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
मेले में कोतवाली की स्थापना पूरी हो चुकी है और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। फायर ब्रिगेड दल भी मुस्तैद है। मुख्य मार्गों पर आकर्षक फ्लेक्सी और दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं।वीआईपी क्षेत्र में शासनिक और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए टेंट सिटी सुसज्जित कर दी गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा, सांसदों व विधायकों के टेंट लगाने का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। गंगा तट पर दीपदान, आरती और भजन संध्या की तैयारियां जोरों पर हैं।
रूहेलखंड का यह मिनी कुंभ मेला ककोड़ा एक बार फिर आस्था, संस्कृति और जनकल्याण का प्रतीक बनकर पूरे क्षेत्र को धार्मिक ऊर्जा से आलोकित कर रहा है।
