पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग को किया गिरफ्तार फर्जी जीएसटी नंबर को बनाया जरिया यूपी सहित दिल्ली,राजस्थान, मे कर चुका है ठगी

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। पुलिस ने अंतरराज्यीय ठग को पकड़ा है। शातिर असम प्रांत का रहने वाला है। कई प्रांत के लोगों के साथ फूल झाड़ू व काली मिर्च के कच्चे माल की डीलिंग के नाम पर लाखों की ठगी कर चुका है। बदायूं में भी वो एक व्यापारी से ठगी के मामले में दो साल से वांटेड था। कोर्ट से उसका वारंट भी जारी हो चुका है।
एसएसपी डॉक्टर ब्रजेश सिंह ने बताया कि सदर कोतवाली पुलिस ने राजवीर उर्फ हरविंद सिंह निवासी 23 सेंजूनगर होटल टोक्यो टावर बेलतला गुहाटी सैंटल, प्रांत असम को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिलहाल 14 बी चन्दन बिहार विकास थाना निहाल बिहार दिल्ली में रह रहा था।
दो साल पहले ठगे थे 11.92 लाख
शातिर ने शहर के मोहल्ला चौबे निवासी गौरव भारद्वाज को असम से फूल झाड़ू का कच्चा माल सप्लाई करने के नाम पर 11 लाख 92 हजार 500 रुपए का 2022 में ऑनलाइन ठगे थे। इस घटना का मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। जबकि आरोपी दिल्ली में जगह व नाम बदलकर अलग स्थानों पर रहता रहा।
आरोपी ने अपना नाम-पता बदलकर राजस्थान के सेजूनगर के एक व्यक्ति से दो लाख तो बिहार के एक व्यक्ति से एक लाख 87 हजार रुपए ठगे थे। सहारनपुर की अग्रवाल फर्म के साथ 50 हजार और आंध्र प्रदेश के आशोक चौधरी के साथ 1 लाख 30 हजार के अलावा दिल्ली निवासी संजय के साथ 6 लाख रुपए तथा गुरू नीत सिंह निवासी जनकपुरी नई दिल्ली के साथ एक लाख 20 हजार 500 रुपए की ठगी की है।
फर्जी जीएसटी कराया पंजीकृत
आरोपी ने अपना नाम बदलकर टिंकू देव कपूर के नाम से फर्जी जीएसटी बनवाया। इसके माध्यम से फूल झाड़ू व काली मिर्ची आदि का कच्चा माल असम से मंगवाकर व्यापारियों को सस्ते दाम में देने का झांसा देकर ठगी करता था। उसके खिलाफ बदायूं के अलावा राजस्थान व दिल्ली में भी ठगी के मुकदमें दर्ज हैं।
