छात्रा की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा भाई ने की थी बहन की हत्या भाई बोला-बदनामी करा रही थी इसलिए कर दी बहन की हत्या

संवाद न्यूज़ एजेंसी
संभल। बहन की हत्या के आरोप में गिरफ्तारी के बाद बड़े भाई ने पुलिस को सब कुछ साफ-साफ बता दिया। कहा कि बहन बदनामी करा रही थी। पहले एक के साथ और फिर दूसरे के साथ प्रेम प्रसंग की वजह से मौहल्ले में शर्म से सिर झुक रहा था। वह कुछ सुनने को तैयार नहीं थी। हत्या न करते तो फिर क्या करते।अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने बताया कि छात्रा की मां व दोनों भाइयों ने मिलकर यह तय कर लिया था कि छात्रा मनमानी कर बदनामी करा रही है तो अब बदनामी से बचने के लिए उसकी हत्या कर देना ही ठीक है। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव निवासी मामा को भी छात्रा के भाइयों ने योजना में शामिल कर लिया था। योजना के तहत गांव से छोटे भाई ने पिता को फोन कर कहा कि डेढ़ मार पहले पैदा हुआ उसका बेटा बीमार है और एक भैंस मर गई है। परिवार को कोई व्यक्ति साहिबाबाद से उसकी सुध लेने नहीं आया।इसके बाद छात्रा की मां ने कहा कि वह बेटी को लेकर गांव चली जाएगी। छात्रा को साथ लेकर मां निजी बस से सौंधन पहुंची तो बड़ा बेटा बाइक से मामा के घर पहुंचा और मामा का पिस्टल लेकर उसके साथ कार में गांव से बाहर स्कूल के पास खड़ा हो गया। सौंधन से मां व बहन को बाइक पर बैठाकर छोटा भाई गांव की तरफ चला तो गांव से पहले बाइक रुकवाकर बड़े भाई ने छात्रा के सिर व सीने में गोली मारकर उसकी जान ले ली।
