पुलिस ने अंतर्जनपदीय बाइक चोर गैंग के तीन सदस्य पकड़े चोरी की 15 बाइकें बरामद, दो आरोपी फरार

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अंतर्जनपदीय बाइक चोर गैंग के तीन सदस्य पकड़े हैं। इनके पास से चोरी की 15 बाइकें बरामद हुई हैं। इनमें दो अलीगढ़ तो एक कासगंज जिले का रहने वाला है। जबकि दो शातिर फरार हैं। एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि पुलिस ने भगवतीपुर गांव जाने वाले रोड पर एक खंडहर से तीन

आटोलिफ्टरों को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा है।इनके पास से 15 बाइकें बरामद हुईं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नरेश निवासी गांव हसनपुर थाना गंगीरी, प्रमोद निवासी गांव गौसपुर थाना गंगीरी, अलीगढ़ व दीपसिंह निवासी गांव रोशननगर थाना सहावर, कासगंज बताया। शातिरों ने पूछताछ में बताया कि अपने दो अन्य साथियों दीपक व विजयपाल के साथ गैंग बनाकर आसपास के जिलों में सक्रिय रहते हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों से बाइकें चोरी कर लेते थे।इसके लिए मास्टर चाबी का उपयोग करते हैं। जिस जिले में सक्रिय होते हैं,वहां एक वीरान जगह तलाशकर चोरी की सारी बाइकें छिपाते हैं। जबकि बाद में उन्हें बड़े वाहन में भरकर ले जाते हैं। उनके

नंबर प्लेट आदि बदलकर लोगों को सस्ते दाम में बेच देते हैं। अब पुलिस विजयपाल निवासी हमीरपुर थाना छर्रा व दीपक निवासी गौसपुर थाना गंगीरी, अलीगढ़ की तलाश कर रही है। दोनों फिलहाल फरार हैं।पुलिस के मुताबिक शातिरों का आपराधिक इतिहास काफी बड़ा है। इन पर कासगंज, बदायूं व अलीगढ़ में कई मुकदमे दर्ज हैं। एसपी देहात ने बताया कि वर्कआउट करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम दिया गया है।
