सहसवान की प्रियंका बनीं एक दिन के लिए एसडीएम मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्रा को मिली जिम्मेदारी, सुनीं महिलाओं की समस्याएं
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूँ।सहसवान में सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत मंगलवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खंदक की 11वीं की छात्रा प्रियंका को एक दिन का एसडीएम बनाया गया।
इस दौरान प्रियंका ने एसडीएम की कुर्सी पर बैठकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। वहीं मौजूद एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने छात्रा को समझाते हुए बताया कि फरियादों की समस्या सुनकर उनका निस्तारण कैसे किया जाता है।
कक्षा 11 की छात्र बनी एसडीएम
प्रियंका सहसवान नगर के पन्नालाल नगर पालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा हैं। एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद प्रियंका को एसडीएम की कुर्सी पर बिठाया गया, जहां उन्होंने तहसील कार्यालय में फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
महिलाओं से संबंधित अपराधों पर चर्चा
एक दिन की एसडीएम बनने के बाद प्रियंका को महिलाओं की जन सुनवाई कराई गई। इस दौरान उन्हें महिलाओं से संबंधित अपराध की रोकथाम और समस्याओं के निस्तारण के संबंध में तहसील स्तर पर होने वाली कार्रवाई तथा एसडीएम कार्यालय के ऑनलाइन एवं हस्तलिखित रिकॉर्ड के बारे में अवगत कराया गया।
मिशन शक्ति अभियान की जानकारी
इस अवसर पर शासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के अंतर्गत चल रहे 90 दिवसीय ऑपरेशन गरुड़, ऑपरेशन शील्ड, ऑपरेशन डेस्ट्राय, ऑपरेशन बचपन, ऑपरेशन खोज, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन नशा मुक्ति, ऑपरेशन रक्षा और ऑपरेशन ईगल के बारे में भी बताया गया।
कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे- विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कृषि कर भुगतान योजना, कन्या सुमंगला योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में जानकारी देते हुए महिलाओं को उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी
अंत में, प्रियंका को महिलाओं के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे- वूमेन पावर लाइन-1090, घरेलू हिंसा हेल्पलाइन-181, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, स्वास्थ्य सेवा-102, 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर-1076, चाइल्डलाइन-1098, साइबर क्राइम-1930, कोरोना हेल्पलाइन-1075 आदि के बारे में जागरूक किया गया।
