दरोगा से सिपाही तक होंगे दो सौ से अधिक तबादले यूपी 112 से बदला जाएगा थानों का स्टाफ, एसएसपी ने दिए पुलिसकर्मियों को सूचीबद्ध करने के निर्देश

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं में आने वाले दिनों में पुलिस महकमे में बड़े स्तर पर दरोगा, हेड कॉन्स्टेबल और कांस्टेबल्स के तबादले होने जा रहा है। सरल शब्दों में कहें तो दो सौ से अधिक तबादले होना हैं। वजह है कि यूपी 112 सेवा में तीन साल से अधिक का समय बिता चुके पुलिसकर्मियों को अब थानों समेत विभिन्न प्रकोष्ठों में पोस्ट किया जाएगा। जबकि थानों और प्रकोष्ठों, शाखाओं में तैनात स्टाफ अब यूपी 112 सेवा में तैनात होगा। इसके लिए एसएसपी ने फिलहाल अधीनस्थों को पुलिसकर्मियों की सूची बनाने का निर्देश दिया है।
दरअसल, यूपी 112 में तमाम पुलिसकर्मी ऐसे हैं, जिन्हें तीन साल से ज्यादा वक्त बीत चुका है। इस बीच इतना जरूर हुआ है कि कुछ पुलिसकर्मियों को एक पीआरवी से हटाकर दूसरी पीआरवी की जिम्मेदारी दे दी गई है, लेकिन उनकी ड्यूटी वैसी ही चल रही है। कोई दिन की शिफ्ट कर रहा है तो किसी की नाइट शिफ्ट है।
इधर, एसएसपी डॊ. ब्रजेश सिंह को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने अधीनस्थों को जल्द ही ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची बनाने को कहा है जो कम से कम तीन साल या उससे अधिक समय से यूपी 112 में पोस्ट हैं। ताकि उनका तबादला किया जा सके। वहीं थानों, चौकियों और अन्य शाखाओं में तैनात दरोगा-सिपाहियों की लिस्ट भी बनाई जा रही है, उनमें भी यही देखा जाएगा कि कौन पुलिसकर्मी एक ही जगह या एक ही क्षेत्र में लंबे समय से तैनात है।
इतनी हैं जिले में पीआरवी
जिले में 75 पीआरवी मौजूद हैं। इनमें 63 चार पहिया हैं। जबकि 12 बाइक हैं। इन पर तकरीबन रोजाना ढाई सौ से तीन सौ इवेंट की सूचना आती है और ये मौके पर पहुंचती हैं।
ये है स्टाफ की स्थिति
यूपी 112 में 316 पुलिसकर्मी पोस्ट हैं। इनमें एक यूपी 112 प्रभारी हैं जो इंस्पेक्टर हैं। वहीं 12 दरोगा, 89 कमांडर व 214 सब कमांडर हैं। अभी कमांडर और सब कमांडर्स के कुछ पद खाली हैं।
