यूपी 112 प्रभारी लाइनहाजिर उसावां के थानेदार का चार्ज छिना, देर रात जारी हुई तबादला सूची में एसओ महिला थाना भी बदली गईं

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं में एसएसपी डॊ. ब्रजेश सिंह ने सोमवार रात तीन इंस्पेक्टरों समेत दरोगाओं का तबादला किया है। इनमें एसओ उसावां मान बहादुर सिंह का चार्ज छीना गया है, वहीं यूपी 112 के प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया है। देर रात जारी हुई तबादला सूची में एसओ उसावां को एएचटीयू (एंटी ह्मून ट्रैफिकिंग यूनिट) का प्रभारी बनाया गया है।
दरअसल एसओ उसावां ने पिछले दिनों एक हत्याकांड का खुलासा किया था। वहीं जिस व्यक्ति का मर्डर हुआ था, उसकी पत्नी पुलिस द्वारा आरोपी ठहराए गए व्यक्ति के पक्ष में शपथपत्र दे गई। ऐसे में जहां खुलासे पर सवाल उठे, वहीं एसओ पर आरोपी के बेटे को चौकी में बंधक बनाकर पीटने समेत बाइक छीनने का आरोप भी लगा
कुल मिलाकर यह हत्याकांड उसावां पुलिस के गले की फांस बनकर रह गया। एसएसपी ने उन्हें चार्ज से हटाया है। इसकी वजह चाहें जो भी रही हो लेकिन फिलहाल इसी घटनाक्रम से पूरी कार्रवाई को जोड़कर देखा जा रहा है। इधर, एएचटीयू के प्रभारी विजेंद्र सिंह को यूपी 112 का प्रभारी बनाया गया है। यूपी 112 के प्रभारी देवेंद्र सिंह को भी लाइन हाजिर किया गया है।इधर, महिला एसओ संगीता यादव का ट्रांसफर गैर जिला होने के कारण उन्हें पुलिस लाइन बुला लिया है। ताकि रवानगी की प्रक्रिया हो सके। उनके स्थान पर महिला सहायता प्रकोष्ठ की प्रभारी एसआई पूनम को महिला थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इधर क्राइमब्रांच से वीरपाल सिंह को उसावां का थानेदार बनाया है।
