पूर्व सांसद मेनका गांधी के हस्तक्षेप पर आरोपी पर दर्ज हुआ मुकदमा
पालतू कुत्ते को पटककर मारने का वीडियो हुआ था वायरल

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।पालतू कुत्ते को पटककर मारने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले आरोपी के खिलाफ थाना फैजगंज बेहटा में शराब पीकर हंगामा करने समेत पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया। पुलिस ने यह कार्रवाई पीएफए जिलाध्यक्ष विकेंद्र शर्मा की तहरीर पर अमल में लाई। पूरे मामले में पीएफ की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद मेनका गांधी ने वीडियो देखकर पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया था।पूरा मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर निवासी विनीता से गांव के ही मुनेश ने शराब पीकर गाली-गलौज की थी। वजह थी कि मुनेश कुत्ते को शराब पीकर अक्सर पीटता था। विनीता ने विरोध किया तो आरोपी ने जहां गाली-गलौज की।वहीं विनीता के पालतू कुत्ते को उठाकर जमीन पर दे मारा। इसका वीडियो भी सामने आया था। इधर, हमले में घायल हुए कुत्ते की 31अक्टूबर को इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं विनीता की तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।मामले की जानकारी पर पूर्व सांसद मेनका गांधी ने फैजगंज बेहटा के प्रभारी जवाहरलाल वर्मा से कार्रवाई के बारे में पूछा तो उनका कहना था कि तहरीर उन तक नहीं पहुंची है। कुल मिलाकर इस मामले की तहरीर थाना स्तर पर दबा ली गई थी।पुलिस ने अब इस मामले में एफआईआर विकेंद्र की ओर से दर्ज की है। हालांकि कुत्ते को मरे हुए चार दिन बीत गए।लेकिन उसका पोस्टमॉर्टम भी नहीं कराया गया। क्योंकि पुलिस पहले से ही तहरीर मिलने से इंकार कर रही थी। हालांकि अब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है।
