घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म शिकायत करने पिता को दी जान से मारने की धमकी

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं, नाबालिग के साथ घर में घुसकर एक युवक ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना 17 नवंबर की शाम की है। वहीं परिजनों ने आरोपी से शिकायत की तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस पर परिवार वालों ने पुलिस को तहरीर दी। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामला थाना अलापुर इलाके के एक गांव का है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 नवंबर की शाम उनकी 12 साल की बेटी घर में अकेली थी। मौका पाकर विसारतनगर गांव में रहने वाला युवक घर में घुस आया। किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पिता जब देर रात घर लौटा तो किशोरी ने घटना की जानकारी दी। इस पर दूसरे दिन को पिता ने आरोपी के गांव शिकायत करने गया। लेकिन आरोपी युवक गांव के बाहर मिल गया। झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज करने लगा।
पहले से रखता था बदनीयती
मुकदमे में यह भी जिक्र है कि आरोपी पहले से किशोरी पर बदनीयती रखता था। परिजन भी इस बात को भांप गए थे लेकिन लोकलाज के भय से खामोश रहे। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने घटना को अंजाम दे डाला। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है।
