बदायूँ पुलिस ने चलाया वारंटियों के खिलाफ अभियान
डीजीपी के निर्देश में रात 10 से सुबह 6 बजे तक चला अभियान,छह घंटे में 74 वारंटियों को किया गिरफ्तार

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।बदायूँ,पुलिस ने वारंटियों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया, जिसके तहत केवल छह घंटे में 74 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। यह अभियान शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक चला। सभी गिरफ्तार वारंटियों को रविवार को कोर्ट में पेश करने से पहले पुलिस लाइन में एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह के सामने हाजिर किया गया।
एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि डीजीपी, एडीजी बरेली जोन और आईजी बरेली रेंज के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। जिलेभर के थानों को उनके थाना क्षेत्रों में फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया था। इस बड़े स्तर के अभियान के तहत 74 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनके खिलाफ कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी हो चुके थे।अभी भी बाकी वारंटियों की तलाश जारी है। एसएसपी ने बताया कि जिले में कुल 203 वारंटी हैं, जिनमें से 74 की गिरफ्तारी हो चुकी है। बाकी की तलाश कराई जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
