करंट से युवक की मौत मवेशियों के लिए चारा लेने गया था, खेत में की गई तारकशी में आ रहा था करंट

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।पशुओं की घास लेने जंगल में गए युवक की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक गांव के ही एक व्यक्ति ने अपने खेत की बाड़ाबंदी के बाद उसमें करंट छोड़ दिया था, यही करंट युवक की मौत की वजह बना। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवार वालों को सौंप दिया है।हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव दुंदी का रहने वाला विपिन (28) पुत्र राजाराम अपने पशुओं को खेतिहर इलाके से घास लेने गया था। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिवार वाले उसे तलाशने निकल पड़े। इधर, परिजनों उसे तलाशने निकले तो खेत में घास की गठरी मिली। जबकि कुछ दूरी पर हरपाल के खेत के पास विपिन का शव मिला।
परिजनों ने अभी नहीं दी तहरीर
परिवार वालों के मुताबिक हरपाल ने खेत के चारों ओर तारकशी की थी। इसमें करंट दौड़ रहा था। यही करंट उसकी मौत की वजह बन गया। परिवार वालों ने मौके पर पहुंचकर शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में ही गांव के तमाम लोगों समेत पुलिस घटनास्थल पर जा पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस को मामले में तहरीर का इंतजार है।
