4 साल की मासूम,बच्ची की बाइक की टक्कर से मौत परिवार में मचा कोहराम

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं में एक सड़क हादसे में बुधवार रात चार साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
यह घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के दबतोरा गांव की है। गांव निवासी तस्लीम की चार वर्षीय बेटी इन्नू अपने घर के बाहर खेल रही थी।
इसी दौरान गांव के ही नरेंद्र नामक व्यक्ति की बाइक ने बच्ची को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में इन्नू गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मदद से बच्ची को बिसौली सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से बाइक चालक नरेंद्र फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बच्ची की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
