ज़िले भर मे 9 घंटे तक चली छापेमारी,73 वारंटियों की हुई गिरफ्तारी
सदर कोतवाली समेत तीन थाने रहे फिसड्डी

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं।वारंटियों के खिलाफ शनिवार को जिलेभर की पुलिस ने 9 घंटे का धरपकड़ अभियान चलाया। इसमें सदर कोतवाली समेत मुजरिया और जरीफनगर थानों की पुलिस फिसड्डी साबित हुई और महज एक-एक वारंटी पकड़कर कोरम पूरा कर लिया। जबकि अन्य थानों की पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
सभी की गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट ले जाने से पहले पुलिस लाइन में एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव के सामने पेश किया गया। यहां एसपी सिटी ने विस्तार से पूरी कार्रवाई की जानकारी दी।एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि शासनस्तर से वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बदायूं में भी तमाम वारंटी फरार चल रहे हैं। ऐसे में शनिवार रात 8 से सुबह 5 बजे तक विशेष अभियान चलाया गया। इसमें 73 वारंटी पकड़े गए। इन सभी को कोर्ट में रविवार को पेश किया गया है। ताकि अग्रिम विधिक कार्रवाई हो सके।कहने को अभियान शासनस्तर पर था लेकिन जिले के तीन थानेदारों को किसी की परवाह नहीं है। यही वजह रही कि सदर कोतवाली समेत मुजरिया व जरीफनगर थानों की पुलिस ने महज एक-एक वारंटी पकड़कर कोरम पूरा किया। जबकि बाकी के थानों ने अच्छा प्रदर्शन किया। इनमें टापर पर उझानी, उसहैत व हजरतपुर थाने रहे दोनों ने सात-सात वारंटी पकड़े हैं।
