बच्चों की लड़ाई में एक को आंख पर आई चोट समझौते के बाद भी नहीं कराया इलाज, आंख की रोशनी गई

संवाद न्यूज़ एजेंसी
पीलीभीत। दो बच्चों के बीच हुई लड़ाई के बाद एक बच्चे ने दूसरे मासूम की आंख पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे मासूम की आंख पर गंभीर चोट आ गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों के बीच इलाज करने की बात पर समझौता करा दिया लेकिन दूसरे पक्ष के लोगों ने इलाज नहीं कराया। जिसके चलते मासूम की एक आंख की रोशनी चली गई।
पूरा मामला दियुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टेहरी गांव का बताया जा रहा है। जहां गांव की रहने वाली राजेश्वरी देवी का आरोप है कि उनका 6 वर्षीय पुत्र संजीव घर के बाहर खेल रहा था।
इलाज करने की बात कह कर समझौता करा दिया
इस दौरान पड़ोस के ही रहने वाले तेजपाल ने पुराने विवाद के चलते उनके बेटे की आंख पर डंडे से हमला कर दिया। जिससे उनके बेटे के आंख में गंभीर चोट लग गई। घटना के बाद गांव के ही कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के बीच इलाज करने की बात कह कर समझौता करा दिया।
आरोप है समझौता होने के बाद भी दूसरे पक्ष के लोगों ने इलाज नहीं कराया। पूरे मामले की शिकायत करने के लिए जब पीड़िता आरोपियों के घर पहुंची तो आरोपियों ने गाली गलौज की। जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तेजपाल उसके पिता अनु के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। थाना अध्यक्ष अमित शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
