छर्रे लगने से महिला घायल पति पर फायर झोंकने का आरोप, सौतन से हुए झगड़े के बाद मारपीट

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। संदिग्ध हालात में महिला छर्रे लगने से घायल हो गई। महिला का आरोप है कि घरेलू कलह में पति ने तमंचे से उस पर फायर किया और छर्रे लगे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला थाना बिनावर इलाके के गांव अंबियापुर गौटिया का है।
यहां रहने वाले ओमपाल की शादी कृष्णा देवी (38) के साथ तकरीबन एक साल पहले हुई थी। कृष्णा के पहले पति की मौत हो चुकी है। उसके चार बच्चे भी हैं। दूसरी तरफ ओमपाल की पहली पत्नी से कोई संतान नहीं है। इसीलिए उसने कृष्णा से शादी की थी।
बताया जाता है कि शनिवार को पहली पत्नी से कृष्णा का विवाद हो गया। इस पर परिवार के सदस्यों ने हस्तक्षेप कर मामला रफा-दफा करा दिया। जबकि देर रात पुनः घर में कलह हुई। आरोप है कि ओमपाल ने पहले कृष्णा को पीटा, जबकि घर के दरवाजे पर वह बचती हुई पहुंची तो उसे तमंचे गोली मार दी।
पुलिस लेकर पहुंची अस्पताल
पुलिस महिला को अस्पताल लेकर पहुंची। यहां डॉक्टर ने मेडिकल के बाद उसे भर्ती कर लिया। वहीं मामला संदिग्ध लगने पर फोरेंसिक एक्सपर्ट से सुझाव भी मांगा। इधर, एसएचओ बिनावर प्रवेज कुमार ने बताया कि फिलहाल तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
