खाना बना रही बुजुर्ग महिला की मलबे मे दबकर मौत पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौपा
संवाद न्यूज़ एजे5
बदायूं। पक्की दीवार अचानक ढह गई। मलबे में दबकर वहां खाना बना रही बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इधर, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिवार वालों को सौंप दिया है। हादसा हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव वमनपुरा नदीबारा के में हुआ। यहां रहने वाले जोगराज की पत्नी धनवती (60) घर में खाना बना रही थीं। चूल्हा दीवार किनारे बनाया था। इसी के सहारे वह बैठी हुई थीं।
इसी बीच अचानक दीवार पर बंदर कूदा और वो भरभराकर ढह गई। इसमें धनवती दब गईं। दीवार गिरने का धमाका सुनकर आसपास इलाके के तमाम लोग मौके पर जा पहुंचे। पता लगा कि धनवती मलबे में दबी हैं तो लोगों ने मलबा हटाकर उन्हें निकालने की कोशिश शुरू कर दी। बमुश्किल उन्हें घायलावस्था में निकाला गया।
परिजन आनन-फानन में उन्हें गांव के डाॅक्टर के पास लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सूचना पर राजस्व टीम व थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। जबकि बाद में शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।
