घूस लेते पकड़ा गया लेखा विभाग का बाबू प्रधान के पति की शिकायत पर पहुंची एंटी करप्शन टीम

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। लेखा परीक्षा अधिकारी कार्यालय में तैनात ज्येष्ठ लेखा लिपिक संदीप कुमार भारती मंगलवार को एंटी करप्शन की टीम ने घूस लेते हुए धर दबोचा। आरोपी ने गांव की प्रधान के पति से विकास कार्यों के आडिट की रिपोर्ट ठीक करने के एवज में 10 हजार मांगे थे।
प्रधान पति की शिकायत पर बरेली से एंटी करप्शन टीम यहां पहुंची और ट्रैपिंग के बाद आरोपी को पकड़ लिया। फिलहाल टीम उसे बरेली-बदायूं जिले की सीमा पर स्थित बिनावर थाने ले गई है। वहां उसके खिलाफ लिखापढ़ी चल रही है।
बरेली एंटीकरप्शन के सीओ यशपाल सिंह ने बताया कि बदायूं के थाना मूसाझाग व ब्लाक जगत क्षेत्र के फतेहपुर गांव की प्रधान के पति नेमसिंह ने बरेली आकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि साल 2023-24 में किए गए विकास कार्यों का ऑडिट चल रहा है। लेखा परीक्षा विभाग को शासनस्तर से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस आफिस में तैनात ज्येष्ठ लेखा लिपिक संदीप कुमार भारती आडिट सही करने के नाम पर 10 हजार रुपए की घूस मांग रहा है। संदीप गाजीपुर जिले के थाना कारंडा के बायपुर गांव का मूलनिवासी है। जबकि बदायूं में पोस्टिंग के दौरान वह सिविल लाइंस इलाके में प्रमोद सक्सेना के मकान में बतौर किराएदार रहता है।
नेमसिंह ने एंटी करप्शन को संदीप भारती द्वारा रुपये मांगने से जुड़े कुछ साक्ष्य भी दिए। इससे टीम को भरोसा हो गया कि शिकायत सही है। जबकि इसके बाद इंस्पेक्टर इश्तियाक अली के नेतृत्व में टीम गठित कर ट्रैपिंग की गई। 10 हजार रुपए लेते हुए आरोपी को शहर के इंदिरा चौक के पास से धर दबोचा। सीओ ने बताया आरोपी के खिलाफ बिनावर थाने में केस दर्ज कराया जा रहा।
