बाइक के बैग से 4.95 लाख उड़ाए बैंक से निकालकर लाया था युवक पुलिस जांच मे जुटी

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं के उघैती कस्बे में एक युवक की बाइक के बैग से उचक्का 4.95 लाख रुपये निकालकर फरार हो गया। घटना उस वक्त हुई जब युवक अपनी बाइक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी कर अंदर से पानी की बोतल लेने गया था। पुलिस अब इस मामले की जांच में जुटी है।उघैती के प्रधान मुनेंद्र सिंह के भतीजे युगवीर सिंह ने बिल्सी स्थित एसबीआई बैंक से 4.95 लाख रुपये निकाले थे। युगवीर ने पैसे बाइक के बैग में रखे और बिना किसी रुकावट के उघैती आ गया। यहां एक भीड़भाड़ वाली जगह पर उसने बाइक खड़ी की और पानी की बोतल लेने के लिए रेस्टोरेंट के अंदर चला गया। जब युगवीर वापस लौटा तो देखा कि बैग से पैसों का थैला गायब था।उसने तुरंत आसपास ढूंढने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। इसके अलावा पुलिस अब अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा किया जाएगा।
