तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत दूसरे दिन हुई शिनाख्त

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। युवक गणेश महोत्सव के कार्यक्रमों में कृष्ण-सुदामा की लीला मंचन का काम करता था। दोपहर बाद शव की शिनाख्त हुई तो परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।
सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला ब्राह्मपुर निवासी बंटी (30) उर्फ सुदामा पुत्र रामभरोसे धार्मिक कार्यक्रमों में सुदामा की झांकी बनकर लीला दिखाता था। इन दिनों शहर में श्रीगणेश महोत्सव चल रहा है और जगह-जगह श्रीगणेश की स्थापना के बाद लीलाएं होती हैं।
सोमवार रात बंटी बरेली-मथुरा फोरलेन वाले बाईपास पर बने आसरा आवासों में लीला मंचन को गया था। रात डेढ़ बजे लीला खत्म हुई तो वह पैदल अपने घर लौट रहा था लेकिन हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया।पुलिस उसे राजकीय मेडिकल कालेज ले गई। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। इधर, परिवार वाले उसकी तलाश में निकल पड़े। मंगलवार दोपहर तकरीबन तीन बजे परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो यहां मेडिकल कालेज से भेजी गई लाश देखकर उसकी शिनाख्त बंटी के रूप में की। फिलहाल परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।
