श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया भैयादूज बस स्टेंड और रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं,पांच दिवसीय महापर्व दिवाली का रविवार को भैयादूज के साथ समापन हो गया। यहां बहनों ने भाइयों का तिलक कर उनकी दीर्घायु की कामना की। बसों से लेकर ट्रेनों में महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं तमाम रूट्स पर रोडवेज की व्यवस्था न होने के कारण लोगों को डग्गामार वाहनों का सहारा भी लेना पड़ रहा है।रविवार सुबह से ही महिलाएं अपने भाइयों से मिलने रवाना होने लगीं। ताकि समय रहते पर्व मनाकर वापसी भी हो जाए। इसके लिए कोई निजी वाहन से निकला तो किसी ने बस और ट्रेन का सहारा लिया। नतीजतन रोडवेज बस स्टैंड समेत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। मिठाई की दुकानों पर भी जुटे लोग,शहर से लेकर देहात इलाकों तक मिठाई की दुकानों पर भी तमाम लोग जुटे रहे। हालांकि बहुत से ऐसे लोग रहे, जिन्होंने एक दिन पहले ही मिठाई समेत गोला और पूजा का सामान खरीद लिया था। बावजूद इसके दुकानों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखी गई। जेल में भी लगी लंबी कतार जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों व कैदियों से मिलने उनकी बहनें सुबह से ही जेल गेट पर जा पहुंचीं। जेल प्रशासन ने सुरक्षा के इंतजामों को ध्यान में रखते हुए यह पर्व मनवाया। दोपहर बाद तक जेल में भारी भीड़ देखने को मिली।
