अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत दो घायल पुलिस ने पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौपा

संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं,अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब अधेड़ अस्पताल में भर्ती अपने धेवते का हाल लेने आ रहे थे। इस हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंपा है, जबकि घायलों का इलाज जारी है।
हादसा कादरचौक थाना क्षेत्र में हुआ। इसी इलाके के गांव ललसी नगला निवासी हरपाल कश्यप (54) अपने चचेरे भाई महेश और भांजे ओमवीर के साथ बाइक से आधी रात को तकरीबन एक बजे बदायूं को रवाना हुए थे। यहां हरपाल को अस्पताल में भर्ती अपने धेवते सुनील (9) पुत्र नेमसिंह का हाल लेना था।
सुनील पर डेढ़ महीने पहले सियार ने हमला बोल दिया था। इस हमले में सुनील गंभीर रूप से घायल हुआ था। सुनील जरीफनगर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव का रहने वाला था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि वाहन ट्रक था, जो टक्कर मारकर भाग निकला। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।एक साथ दो मौतों से मचा कोहराम
पुलिस तीनों को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन यहां डॉक्टर ने हरपाल को मृत घोषित कर दिया। बाकी के घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया है। इधर, हालत बिगड़ने पर परिजन सुनील को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि सियार के हमले के बाद सुनील घायल था। एक साथ दो मौतों से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
