युवती से मांगी पांच लाख की रंगदारी एसिड अटैक की दी धमकी, आरोपी गिरफ्तार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। युवती की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने समेत एसिड अटैक की धमकी देने वाला युवक पीड़िता के पिता की दुकान पर जा पहुंचा। वहां उसने हंगामा किया, तो पिता समेत सहयोगियों ने आरोपी को धर दबोचा। घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एसिड अटैक समेत जान से मारने की धमकी देने के आरोप कर एफआईआर दर्ज की है।पूरा मामला सदर कोतवाली इलाके का है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि रामपुर की सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला बंगला आजाद निवासी नवेद पुत्र मसरूर अहमद खां उनकी बेटी के मोबाइल पर अक्सर फोन करता था। मई 2024 से आरोपी लगातार फोन करता आ रहा है। युवती ने विरोध किया तो उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अपलोड करने की धमकी दी गई। इतना ही नहीं तस्वीरें रोकने के नाम पर पांच लाख रुपए बतौर रंगदारी मांगे गए।इधर, परिवार वाले बदनामी के डर से उसकी इन हरकतों को नजरअंदाज करते रहे। जबकि 18 सितंबर की रात आरोपी युवती के पिता की कपड़े की दुकान पर बाजार में जा पहुंचकर हंगामा करने लगा। कहा कि अगर युवती की शादी करने की सोची तो तेजाब डालकर उसका चेहरा बिगाड़ दूंगा। इस पर युवती के पिता समेत आसपास के दुकानदारों ने आरोपी को धर दबोचा। जबकि बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
