हाइकोर्ट में न शपथपत्र भेजा, न खुद पहुंचकर रखा पक्ष दरोगा सस्पेंड
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बदायूं। इस्लामनगर थाने में है तैनाती, एसएसपी ने की कार्रवाई बदायूं में हाईकोर्ट की ओर से मांगे गए एवीडेंस को भेजने अथवा वहां हाजिर होकर कोर्ट में पेश करने के मामले में दरोगा ने लापरवाही बरती। इसकी जानकारी पर एसएसपी ने दरोगा जगमेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया है। गुरुवार देर रात यह कार्रवाई अमल में लाई गई है।
एसएसपी ने बताया कि एक मुकदमे की तफ्तीश के बाद विवेचक एसआई जगमेंद्र सिंह को शपथ पत्र हाईकोर्ट में पेश करना था। इसका आदेश भी मिला था। लेकिन दरोगा इस प्रकरण को हल्के में ले गया। शपथ पत्र भेजने में लापरवाही की। दरोगा कोर्ट में स्वयं पेश होकर अपना पक्ष भी नहीं रखने गया। इसकी जानकारी पर दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है। दरोगा जगमेंद्र इस्लामनगर थाने में पोस्ट है।
पहले भी विवादित रहा था कार्यकाल
दरअसल, दरोगा जगमेंद्र का कार्यकाल पूर्व में भी विवादित रहा है। इससे पहले वह सिविल लाइंस थाने की रोडवेज चौकी का प्रभारी था। यहां एक व्यापारी की दुकान के लिंटर का प्लास्टर एक युवक पर अचानक गिरा था। युवक का हाथ टूटा था। इस मामले में भी दरोगा व्यापारी पर घायल को रकम देने का दबाव बना रहा था। इसकी शिकायत पर तत्कालीन एसएसपी ने उसे रोडवेज चौकी से हटाकर इस्लामनगर भेजा था।
